सैनी कोतवाली क्षेत्र के गुलामीपुर पेट्रोल पंप के पास रविवार भोर एक बेकाबू पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में कानपुर के तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखचे उड़ गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज मंझनपुर में भर्ती कराया। यहां से तभी को कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कानपुर नगर के ट्रांसपोर्ट नगर कोतवाली क्षेत्र के बाबूपुरवा मोहल्ला निवासी सौरभ कुमार, रियाज और अमन साथ काम करते हैं। तीनों प्रयागराज के मुंडेरा सब्जी मंडी में भाड़ा छोड़कर भोर में वापस कानपुर लौट रहे थे। रास्ते में गुलामीपुर के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर अफरातफरी मची रहीं। थोड़ी देर बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर क्षतिग्रस्त पिकअप को सड़क से हटवाकर यातायात शुरू कराया।