सैनी कोतवाली के सयांरा स्थित एक पेट्रोल पंप मैनेजर पर 16 लाख रुपये के गबन का मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि पंप मैनेजर चार दिन की बिक्री का साढ़े दस लाख और साढ़े पांच लाख रुपये कीमती डीजल-पेट्रोल चोरी का फरार हो गया है। पंप के वाइस प्रेसीडेंट की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
प्रयागराज शहर के लूकरगंज मोहल्ला निवासी कमलेश त्रिपाठी बड़े व्यापारी हैं। इन्होंने कौशाम्बी जिले में भी अपना कई व्यापार फैला रखा है। सैनी कोतवाली के सयांरा गांव के समीप हाईवे पर सुविधा फीलिंग स्टेशन के नाम से इनका पेट्रोल पंप चल रहा है। लूकरगंज मोहल्ला निवासी पेट्रोल पंप के वाइस प्रेसीडेंट अंकित राय ने बताया कि यहां के डीजल-पेट्रोल की बिक्री का पैसा मुंडेरा निवासी मैनेजर अखिलेश यादव के पास रहता है।
वह दिन भर की बिक्री से जुटाए गए पैसों को अगले दिन बैंक में जमा करता है। आठ नवंबर शुक्रवार की बिक्री अगले दिन बैंक में जमा होनी चाहिए थी। लेकिन सेकंड शटरडे और संडे पड़ने के कारण तीन दिन की बिक्री का पैसा बैंक में नहीं जमा हो सका था। चौथे दिन 11 नवंबर को मैनेजर अखिलेश ने बैंक में रकम नहीं जमा की तो उसके पास फोन किया गया। लेकिन बार-बार प्रयास करने के बावजूद पूरी घंटी बजने के बाद भी अखिलेश ने फोन नहीं रिसीव किया। इस पर वह पंप पहुंचे तो पता चला कि चार दिन की बिक्री का तकरीबन साढ़े दस लाख रुपये लेकर मैनेजर फरार है। स्टाक चेक करने पर पता चला कि मैनेजर ने कई किश्तों में साढ़े पांच लाख रुपये कीमती 3900 लीटर पेट्रोल और 2000 लीटर डीजल भी चोरी कर चुका है।
सुविधा फीलिंग स्टेशन के वाइस प्रेसीडेंट की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल कराई जा रही है। जल्द ही आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। - अवधेश विश्वकर्मा, सीओ सिराथू