मंझनपुर। पिछले चुनावों के दौरान जिन मतदान केंद्रों में वोट कम पड़े थे वहां पर मतदाता पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। अफसर गांव के लोगों को ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए जागरूक करेंगे। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अफसरों के साथ बैठक कर कार्यक्रम से जुड़े निर्देश दिए।
डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि लोक सभा चुनाव को देखते हुए इस बार निर्वाचन आयोग का सख्त निर्देश है कि मतदान प्रतिशत बढ़ाया जाए। इसकी तैयारी कर ली गई है। जिन पोलिंग स्टेशनों पर पिछले चुनावों के दौरान मतदान कम हुआ है वहां पर मतदाता जागरूकता पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। अफसर गांव के लोगों को ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए पहल की जाएगी। डीएम ने कहा कि जो अधिकारी और कर्मचारी मतदान ड्यूटी में लगे हैं वह भी अपने मताधिकार का प्रयोग करें। सरकारी भवन में किसी राजनैतिक दलों का प्रचार वाली होर्डिंग व वाल राइटिंग नहीं होनी चाहिए। अगर कहीं ऐसा मिला तो सीधा विभागाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लोगों के निजी आवास पर भी गृहस्वामी की अनुमति के बगैर राजनैतिक दलों के होर्डिंग नहीं लग सकेंगे। जिले की तीनों विधान सभा में आचार संहिता उल्लंघन रोकने के लिए उड़न दस्तों का गठन किया गया है। इन वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगा होगा। पोलिंग बूथ में बिजली होनी चाहिए, इसके अलावा हर स्थान में एलईडी बल्ब लगा होना चाहिए। पोलिंग बूथ में फर्नीचर, पीने के पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। इस दौरान एडीएम मनोज,सीडीओ इंद्रसेन सिंह, रवींद्र कुमार जायसवाल, एआरटीओ शंकर जी सिंह आदि लोग मौजूद रहे।