मनौरी पावर हाउस के पीपलगांव फीडर से जुड़े दर्जनभर गांवों की बत्ती पांच दिन से गुल है। पावर हाउस के जिम्मेदार हैं कि पांच दिन में भी फीडर की खराबी को ठीक नहीं कर सके। इससे इलाके के उपभोक्ताओं में आक्रोश पनपने लगा है। आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उपभोक्ता सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर सकते हैं।
पावर हाउस के पीपलगांव फीडर की इनकमिंग पांच दिन पहले फुंक गई। इससे फीडर के मनौरी, कुसवां, असरापुर, पावन, मंदर सहित दर्जनभर गांवों में पांच दिन से अंधेरा छाया हुआ है। आपूर्ति ठप होने के बाद से संबंधित गांवों के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं वहीं दूसरी ओर फसलों की सिंचाई, उद्योग कारखाने भी ठप हो गए हैं। इलाके के उपभोक्ता लगातार पावर हाउस पहुंचकर एसडीओ से आपूर्ति बहाल कराने की मांग कर रहे हैं पर पावर हाउस से महज आश्वासन ही मिल रहा है। पांच दिनों ठप आपूर्ति को लेकर अब उपभोक्ताओं में विभागीय जिम्मेदारों के प्रति गुस्सा पनपने लगा है।
मीरपुर निवासी अजय यादव, कुशवां के हेमराज, असरापुर के रामलाल आदि का कहना है कि फीडर की खराबी को दूर कराने में विभागीय जिम्मेदार कोताही बरत रहे हैं। इनकी मनमानी के चलते उपभोक्ताओं को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है। यदि मंगलवार की रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उपभोक्ता पावर हाउस का घेराव करे आपूर्ति बहाल कराएंगे। उधर एसडीएम इंद्रभान सिंह से पूछा गया तो उन्होंने मंगलवार की रात आपूर्ति बहाल कराने की बात कही है।