पश्चिमशरीरा पुलिस ने तीन जुआरियों को पकड़ा
देवरी गांव में हो रहा था जुआ, नकदी व ताश के पत्ते बरामद
एक बैट्री चोरी और चार प्रतिबंधित मांस के साथ धरे गए
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। फतेहपुर पुलिस की सख्ती के कारण वहां के जुआरी कौशाम्बी में शौक पूरा करने आ रहे हैं। पश्चिमशरीरा पुलिस ने पड़ोसी जिले के तीन जुआरियों को पकड़ने का दावा किया है। इसके अलावा चोरी की बैट्री और प्रतिबंधित मांस समेत पांच लोग पकड़े गए हैं। यह जानकरी सोमवार को पुलिस ऑफिस में अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने दी।
एएसपी अशोक कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष पश्चिमशरीरा योगेश तिवारी को सूचना मिली कि देवरी गांव में रामभरोसे सिंह के यहां जुआं हो रहा है। इस पर उन्होंने उपनिरीक्षक परमानंद के साथ मौके पर छापा मारकर तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से करीब 26900 रुपये व ताश का पत्ते मिले। पकड़े गए जुआरियों की पहचान फतेहपुर जिले के धाता दक्खिन निवासी शमसेर सिंह उर्फ रवींद्र सिंह पुत्र गंगा सिंह, गौरव तिवारी पुत्र वीरेंद्र प्रताप और मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के पवन कुमार सिंह पुत्र सरजू प्रसाद के रूप में हुई। इसके अलावा पुलिस ने अषाढ़ा तिराहा के पास से फैजीपुर निवासी इंद्रराज सरोज पुत्र स्वर्गीय दस्सू को चोरी की दो बैट्री के साथ गिरफ्तार किया गया। इंद्रराज के साथ रहे चार अन्य लोग सफेद रंग की बोलेरो से भागने में कामयाब रहे। इंद्रराज ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ यह बैट्री कुआंडीह स्थित मिक्सर प्लांट से चोरी की थी। इसके अलावा सदर कोतवाली पुलिस ने भी सोमवार की भोर चक बाजापुर गांव से आले हैदर, शोएब, नेहाल व सैनी कोतवाली के पथरावां निवासी अली रजा आदि को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के पास से करीब 25 किलो प्रतिबंधित मांस, चार अदद छूरा, एक प्लास्टिक की पन्नी, ठेहा, दो रस्सी, तराजू व बाट बरामद हुआ है। एएसपी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार पटेल को गोवध की सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने अपनी टीम के साथ छापेमारी कर गिरफ्तारी की। टीम में उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार, भवानी सिंह, एचसीपी विनोद कुमार, रामआधार, सिपाही अजीत यादव, कमलेश यादव आदि शामिल रहे।