पंचायत चुनाव में मतदान के दिन बूथ लुटेरों से चौथे चरण में पुलिस सख्ती से निपटेगी। रविवार को सरसवां ब्लाक के अंधावां गांव में चौपाल लगाकर डीएम ने गांववालों से शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने चेताया कि जिसने भी बूथ लूटने की कोशिश की, उसे इस बार गोली मारने का आदेश रहेगा।
तीसरे चरण का चुनाव निपटाने के बाद रविवार को प्रशासनिक अमले में चौथे चरण की अपनी तैयारी शुरू कर दी। इसीक्रम में रविवार को डीएम अनिल कुमार सिंह और एसपी डॉ.के एजिलरसन ने सरसवां ब्लाक के अंधावा गांव में चौपाल लगाई। डीएम ने पंचायत चुनाव के सभी उम्मीदवारों और मतदाताओं के साथ बैठक की। उनसे शांतिपूर्ण मतदान में प्रशासन की मदद का आह्वान किया। डीएम ने कहा कि मतपत्रों और मतपेटिकाओं की सुरक्षा पुलिस की अहम जिम्मेदारी है। बूथ लुटेरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बूथ लूटने वालों को सीधे गोली मारने का निर्देश पुलिस को दे दिया गया है। जिलाधिकारी ने पुलिस अफसरों से भी अराजकतत्वों को चिह्नित करके उनके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी नारेन्द्र बहादुर सिंह, सीओ सिटी आलोक कुमार मिश्र, एसओ महेवाघाट, थानाध्यक्ष पश्चिमशरीरा भी मौजूद रहे।