पूर्व विधायक की राइस मिल में लगी आग के बाद मौका मुआयना करते पुलिस कर्मी
- फोटो : KAUSHAMBI
नगर पालिका परिषद भरवारी के परसरा में स्थित पूर्व विधायक संजय गुप्ता की धान मिल में मंगलवार भोर बिजली के शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें देखकर वहां काम कर रहे मजदूरों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर बिग्रेड की चार गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया।
परसरा में रिद्धि-सिद्धि इंडस्ट्रीज के नाम से चायल के पूर्व विधायक संजय गुप्ता की धान मिल है। मिल का काम विधायक के भाई सुभाष गुप्ता देखते हैं। मंगलवार भोर मिल में मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान बिजली की शार्ट सर्किट से मिल में आग लग गई। पहले मजदूरों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
लपटें देख मजदूर जान बचाकर भाग खड़े हुए। इसके बाद मिल संचालक सुभाष गुप्ता व पुलिस को खबर दी गई। सूचना के बाद इंस्पेक्टर कोखराज गणेश प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे और दमकल की एक गाड़ी को बुलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद भी हालात पर काबू नहीं पाया जा सका तो तीन और दमकल बुलाई गईं।
इसके बाद आग पर काबू पाया गया। आग की घटना में मिल के अंदर रखे चावल, धान, बोरे सहित अन्य उपकरण जलकर राख हो गए। मिल संचालक सुभाष गुप्ता के मुताबिक आग की घटना में करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
दमकल के लिए टैंकर से मंगवाया गया पानी
धान मिल में लगी आग बुझाने में दमकल की चार गाड़ियां हांफ गईं। आग इतनी भयावह थी कि दमकल के टैंकर का पानी जल्द ही समाप्त हो जा रहा था। इस कारण नगर पालिका के पेयजल वाले टैंकर से पानी की आपूर्ति कराई गई। करीब पांच से छह टैंकर बाहर से पानी मंगाने के बाद आग की लपटों को शांत किया जा सका।