100 लीटर अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार
अजुहा। सैनी कोतवाली की अजुहा चौकी पुलिस ने मंगलवार सुबह खरवापर मजरा धुमाई गांव में छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने खेत में अवैध कच्ची शराब बना रहे एक युवक को पकड़ा। पुलिस ने मौके से करीब 100 लीटर अवैध कच्ची शराब, तीन क्विंटल लहन और उपकरण भी बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार युवक को जेल भेज दिया है।
मंगलवार सुबह अजुहा चौकी प्रभारी विजेंद्र सिंह मुखबिर से खबर मिली कि खरवापर का मजरा धुमाई गांव के समीप खेत में अवैध कच्ची शराब तैयार की जा रही है। इस पर पुलिस टीम ने छापा मारा। पुलिस टीम को आते देख गांव का राजेश पासी मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस को राजेश के पास से 25-25 लीटर के चार गैलन में 100 लीटर कच्ची शराब, आठ पतीला और तीन क्विंटल लहन बरामद हुआ। पुलिस ने लहन को नष्ट करा दिया। पुलिस टीम में अजुहा चौकी प्रभारी के साथ सिपाही अखिलेश कुमार, नवनीत कुमार, गुलशन कुमार और रामसागर मौर्य शामिल रहे।