कोखराज कोतवाली इलाके के एक गांव में रहने वाली बेरोजगार युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर सगे भाइयों ने प्रयागराज ले जाकर दुष्कर्म किया। युवती का कहना है कि उसे कुछ नशीला पदार्थ खिलाया गया था। युवती की शिकायत पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव की युवती का कहना है पढ़ाई पूरी करने के बाद वह नौकरी की तलाश में भटक रही थी। इस दौरान भरवारी नगर पंचायत के शाहिद व उसका भाई वहीद मिले। दोनों ने उसे नौकरी दिलाने का लालच दिया। युवती का कहना है शुक्रवार को दोनों भाई उसे प्रयागराज ले गए।
धोखे से उसे नशीला पदार्थ खिला दिया गया। उसके बेहोश हो जाने पर आरोपियों ने दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी घर के पास छोड़कर भाग निकले। युवती ने परिजनों से आपबीती बताई तो वह दंग रह गए। घटना की शिकायत पुलिस से की गई। इंस्पेक्टर गणेश प्रसाद का कहना है रिपोर्ट दर्ज कर युवती का मेडिकल कराने की तैयारी की जा रही है।