राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अब जिले में मॉडल प्रेरणा कैंटीन का संचालन करेंगी। मेडिकल कॉलेज, कड़ाधाम के कुबरी गंगा घाट समेत आठ प्रमुख स्थानों पर जल्द ही प्रेरणा कैंटीन शुरू की जाएगी, जहां लोगों को चाय, नाश्ता और सस्ती दरों पर भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
उपायुक्त स्वरोजगार सुखराज बंधु ने सभी खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी कर कैंटीन के लिए स्थान और महिला समूहों का चयन करने के निर्देश दिए हैं। प्रस्तावित कैंटीन मेडिकल कॉलेज, विकास भवन, ब्लॉक कार्यालय मंझनपुर, परसरा बस स्टैंड, सीएचसी सिराथू, तहसील सिराथू, मूरतगंज ब्लॉक कार्यालय और कड़ाधाम के कुबरी गंगा घाट पर स्थापित की जाएंगी। इन कैंटीनों में गरमा-गरम चाय, नाश्ता और निर्धारित दर पर भोजन की थाली उपलब्ध होगी।
एडीओ आईएसबी महेंद्र कुमार ने बताया कि कैंटीन शुरू होने से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं सरकारी कार्यालयों में आने वाले फरियादियों, कर्मचारियों और आम लोगों को भी सुविधा मिलेगी।