सिराथू क्षेत्र के मीठेपुर सयांरा में बने रेलवे ओवरब्रिज को अब महाराजा बिजली पासी के नाम से जाना जाएगा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को इस पुल के नामकरण की शिलापट्टिका का उद्घाटन किया। कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से जिले को रेलवे और गंगा-यमुना पर दस पुलों की सौगात दी गई है। इनमें से पांच का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। जबकि, पांच अन्य निर्माणाधीन हैं।
25 दिसंबर को महाराजा बिजली पासी की जयंती से पहले डिप्टी सीएम ने मीठेपुर सयारा में 40.24 करोड़ की लागत से तैयार रेलवे ओवरब्रिज का महाराजा बिजली पासी नामकरण करते हुए उद्घाटन किया। कहा कि महापुरुषों से आने वाली पीढ़ियां प्रेरणा ले सकें, इसलिए रेल उपरिगामी का नाम महाराजा बिजली पासी के नाम पर रखा गया है। कहा कि चाहे सड़क हो या बिजली अथवा आवास सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से भाजपा आमजन को लाभान्वित करने का लगातार प्रयास कर रही है।
जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस रेल उपरिगामी सेतु के बनने से पूर्व फाटक बंद होने पर आमजन को घंटों इंतजार करना पड़ता था। जाम से जूझ रहे लोगों को आरओबी बन जाने से आवागमन में सुगमता हो रही है। रोही (भरवारी) में रेल उपरिगामी सेतु बनने से आमजन को आवागमन में सुगमता हो रही है। अथसराय, सैयद सरावा एवं शुजातपुर में रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। बिदनपुर में रेल उपरिगामी सेतु बनाने की घोषणा कर दी गई है।
शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। बताया कि पिछले दिनों सिराथू में भी संत मलूकदास के नाम से रेल उपरिगामी सेतु का लोकार्पण किया जा चुका है। बताया कि सरकार गठन के बाद से जनपद में 165.97 करोड़ की लागत से पांच सेतुओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसमें एक नदी सेतु व चार आरओबी शामिल है। जबकि, 277.65 करोड़ की लागत वाले पांच सेतुओं (दो नदी सेतु व तीन आरओबी शामिल हैं) का निर्माण कार्य चल रहा है।
कहा कि ये सभी परियोजनाएं पूरी हो जाने पर मां शीतला देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुगमता होगी। इससे पर्यटकों की संख्या और अधिक बढे़गी। इस मौके पर सांसद विनोद सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, विधायक सिराथू शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल, चायल विधायक संजय कुमार गुप्ता, सदर विधायक लाल बहादुर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, डीएम सुजीत कुमार, एसपी राधेश्याम विश्वकर्मा, सेतु निगम के संयुक्त प्रबंध निदेशक आरके सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर पीसी वर्मा, एई आरके तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं के घर पहुंचे केशव, जताई शोक संवेदना
गृह जनपद के दो दिवसीय दौरे पर आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य आखिरी दिन शुक्रवार को मीठेपुर सयांरा पुल का नामकरण करने के बाद मधवामई व रघवापुर गांव में कार्यकर्ताओं से मिले। सेक्टर संयोजक के निधन पर परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद वह जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां उनका सदर विधायक लाल बहादुर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। भाजपा कार्यालय में डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की।
सिराथू क्षेत्र के मधवामई गांव निवासी सेक्टर अध्यक्ष रामलखन सिंह का निधन होने पर उपमुख्यमंत्री उनके घर पहुंचकर परिजनों से मिले। श्रद्धांजलि देने के बाद सांत्वना देते हुए परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसी तरह वह रघवापुर गांव पहुंचे। वहां भी कार्यकर्ताओं के परिजनों से मिले। इसके बाद वह जिला मुख्यालय आए। जिला पंचायत गेट के समीप विधायक लाल बहादुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा नेता आशीष केसरवानी उर्फ बच्चा, पूर्व चेयरमैन नरेश केसरवानी, दुर्गेश गुप्ता, रुपेश विश्वकर्मा, अशोक चौधरी, रमेश पाल, बब्लू गर्ग, संदीप मिश्रा समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Now Sayara Railway Overbridge will be known as Maharaja Bijli Pasi: Keshav Prasad Maurya- फोटो : KAUSHAMBI
Now Sayara Railway Overbridge will be known as Maharaja Bijli Pasi: Keshav Prasad Maurya- फोटो : KAUSHAMBI