आलमचंद्र गांव में कोरोना का टीका लगाती महिला स्वास्थ्य कर्मी
- फोटो : KAUSHAMBI
कोरोना के मरीजों के मिलने का सिलसिला अभी जारी है। शनिवार को भी नौ लोग पॉजिटिव मिले। हालांकि, इस बीच पहले से संक्रमित 11 मरीज ठीक हो गए। दूसरी तरफ से तकरीबन 11 हजार लोगों ने कोरोना रोधी वैक्सीन भी लगवाई।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि संक्रमण की रोकथाम के लिए रोजाना की तरह शनिवार को भी जिले भर में 2065 संदिग्धों की कोविड जांच कराई गई। जांच में जिले के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले नौ लोग पॉजिटिव निकले।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें संक्रमितों को होम आइसोलेट करने के साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करने में जुट गईं हैं। इधर, पहले से संक्रमित 11 मरीज ठीक हो गए। इस वजह से अब सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 68 रह गई है। इनमें से 56 को होम आइसोलेट किया गया है। जबकि गंभीर रोग से पीड़ित छह मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी तरफ संक्रमण से बचाव के लिए जिले भर में 648 किशोरों व 1028 वयस्कों को वैक्सीन की पहली, 2469 किशोरों को दूसरी और 6216 वयस्कों को दूसरी डोज लगाई गई। इसके अलावा 563 लोगों को बूस्टर डोज लगाई गई। इस तरह से जिले भर में कुल 10,992 लोगों ने कोरोनारोधी टीका लगवाया।