सैनी क्षेत्र के हनुमत पाल महाविद्यालय चूहापीरन में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा ने प्रबंधक और प्राचार्य पर उसका कैरियर बर्बाद करने का आरोप लगाया है। इल्जाम है कि फीस लेकर उसे प्रवेशपत्र नहीं देकर दूसरे के अनुक्रमांक पर परीक्षा दिला दी गई है। मंगलवार को उसने इसकी तहरीर सैनी कोतवाली में दी है। तहरीर लेकर सैनी पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
सैनी कोतवाली के दारानगर की रहने वाली छात्रा शबाना बेगम ने बताया कि उसने हनुमत पाल महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा पास की थी। उसका कहना है कि सेकेंड ईयर की फीस उसने 17 अगस्त 2013 को महाविद्यालय में जमा की थी। पर, परीक्षा के समय उसे प्रवेश पत्र नहीं मिला। प्रबंधक और प्राचार्य से उसने प्रवेशपत्र नहीं मिलने की शिकायत की। बताया कि इस शिकायत पर प्राचार्य ने उसे रोल नंबर आवंटित करते हुए परीक्षा में शामिल करा दिया था। उसे बताया गया था कि विश्वविद्यालय स्तर से भूल हुई है।
उसे ठीक करा दिया जाएगा। इतना ही नहीं रिजल्ट नहीं आने पर भी प्राचार्य ने उसे धोखे में रखते हुए तीसरे वर्ष की भी फीस जमा करा ली। इधर, इस साल भी उसे प्रवेशपत्र नहीं मिला। इस पर जब उसने अपने स्तर से इसकी पड़ताल की, तो उसे मालूम हुआ कि पिछले साल उसे जिस रोल नंबर पर परीक्षा दिलाई गई थी, वह रोल नंबर किसी दूसरी छात्रा के नाम एलाट था। छात्रा का आरोप है कि प्रबंधक और प्राचार्य ने उसके साथ छल करते हुए अपने किसी परिचित छात्रा की परीक्षा उससे दिलवाई है।
पीड़ित छात्रा ने मंगलवार को प्रबंधक और प्राचार्य पर कैरियर चौपट करने का आरोप लगाते हुए सैनी कोतवाली में तहरीर दी। एसओ सैनी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि शिकायत मिली है। प्रकरण की जांच की जाएगी। वहीं कालेज के प्रबंधक हनुमत पाल ने छात्रा के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि छात्रा ने शुल्क ही नहीं जमा किया है।