झांड़ियों में मिला नवजात शिशु की फोटो- पुलिस
थाना क्षेत्र के अनेठा गांव में इंसानियत और ममता की मिसाल सामने आई है। अनेठा गांव निवासी भोला पुत्री शिव लखन मंगलवार की शाम सिराथू इलाज कराने गई थीं। घर लौटते समय ससुर खदेरी नदी से करीब 200 मीटर दूर बदबदा पुर गांव के पास शाम करीब 6:30 बजे उन्हें झाड़ियों से नवजात शिशु के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर भोला झाड़ियों की ओर पहुंचीं तो नदी किनारे एक नवजात शिशु पड़ा मिला।
बिना देर किए भोला ने बच्चे को अपनी गोद में उठाया और सीधे अपने घर ले आईं। घर पहुंचकर उन्होंने शिशु को अपनी मां ननकी देवी को सौंप दिया। बुजुर्ग ननकी देवी ने ममता दिखाते हुए बच्चे को अपनाने का निर्णय लिया। बताया गया कि ननकी देवी की केवल पांच बेटियां हैं और उन्हें पुत्र नहीं है, ऐसे में इस नवजात को उन्होंने ईश्वर का वरदान मानकर स्वीकार कर लिया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि चाइल्ड लाइन को जानकारी दे दी गई है और उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। नवजात की सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।