शारदीय नवरात्र का शुभारंभ बुधवार से कलश स्थापना के साथ होगा। इसके लिए जिले के देवीभक्त बुधवार को दिनभर तैयारियों में जुटे रहे। सुबह से देर रात जयकारों के बीच भक्त देवी प्रतिमाओं को लेकर पंडाल पहुंचते रहे। त्योहार को लेकर पूर्व संध्या तक बाजारों में खरीदारों की भीड़ लगी रही। वहीं, देवी मंदिरों, पूजा पंडालों को देर रात तक आकर्षक झालरों व फूलों से सजावट की जाती रही।
शारदीय नवरात्र बृहस्पतिवार (प्रतिपदा) से शुरू हो रहा है। पर्व की तैयारियों में मां के भक्त बुधवार को दिनभर लगे रहे। भक्तों की टोली माता की मूर्तियों को लेकर जयकारा लगाते हुए पूजा पंडाल पहुंची। यह सिलसिला पूजा पंडालों में देर रात तक जारी रहा। प्रतिमा पहुंचने के बाद भक्तगण पूजा पंडाल सजाने में देर रात तक जुटे रहे।
दूसरी ओर नौ दिन का व्रत रखने और घरों में कलश स्थापित कराने वाले भक्तों ने भी तैयारियां कीं। व्रत में लगने वाले फलाहार, पूजन सामग्री, नारियल, बतासा, चुनरी आदि की खरीदारी करने वाले भक्तों की भारी भीड़ बाजार में रही। इसके अलावा पूजा पंडाल सजाने के लिए विद्युत झालरों, प्लास्टिक के फूलों की जमकर खरीदारी हुई। बृहस्पतिवार की सुबह से ही गांव व कस्बे मां की भक्ति से सराबोर दिखेंगे। पूरे नौ दिन तक हवन, पूजन व भक्तिगीतों का कार्यक्रम जिले भर में जगह-जगह चलते रहेंगे।
शक्ति पीठ मां शीतला के दरबार में लगता है नौ दिवसीय मेला
51 शक्ति पीठों में शुमार कड़ा स्थित मां शीतला के दरबार में बृहस्पतिवार से नौ दिवसीय नवरात्र मेला प्रारंभ होगा। इस दौरान पूरे नौ दिन तक स्थानीय के साथ ही पड़ोसी जनपदों एवं राज्यों से हजारों की संख्या में भक्त मां की दरबार में माथा टेकने के लिए आएंगे।
मेले में आने वाले भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दो दिन पहले ही एसडीएम सिराथू राजेश चंद्रा, सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण सिंह ने पंडा समाज के साथ बैठक कर तैयारियां मुकम्मल करने के निर्देश दिए थे। अफसरों को आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया।
बुधवार को नगर पंचायत के कर्मचारी धाम परिसर की साफ-सफाई में जुटे रहे। इधर, डीएम सुजीत कुमार और एसपी राधेश्याम ने कड़ा धाम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मातहतों को जरूरी निर्देश दिए।
कड़ा धाम क्षेत्र में कचरा नहीं फैले इसके लिए एसडीएम ने दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान के बाहर डस्टबिन रखने के लिए कहा। घाट किनारे बने बदहाल शौचलयों को दुरुस्त कराने के साथ आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए थे। पंडा समाज के अध्यक्ष आत्मप्रकाश पंडा ने बताया कि मेला को लेकर पंडा समाज सजग है।
मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जाना चाहिए। क्योंकि, मंदिर में ही दर्शन के दौरान अधिक मारामारी होती है। एसपी राधेश्याम ने बताया कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। कृष्ण कुमार यादव को मेला प्रभारी की कमान सौंपी गई है।
मेला क्षेत्र में 10 उप निरीक्षक, 05 हेड कांस्टेबल, 40 सिपाही, 39 महिला आरक्षी, पांच ट्रैफिक सिपाही, 10 होमगार्ड के साथ ही एक प्लाटून पीएसी तैनात कर दी गई है। सभी सुरक्षाकर्मी 24 घंटे मेला क्षेत्र में मुूस्तैद रहकर ड्यूटी करेंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कैंप लगाने का आश्वासन दिया गया है।
मेला क्षेत्र की तीसरी आंख खराब
शक्ति पीठ कड़ा धाम क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज से तकरीबन तीन दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पंडा समाज के अध्यक्ष आत्मप्रकाश पंडा ने बताया कि इनमें दो दर्जन से ज्यादा खराब हो गए हैं। इसकी सूचना प्रशासनिक अफसरों को दे दी गई हैं। इसके बावजूद पूर्व संध्या तक खराब कैमरों को दुरुस्त नहीं कराया जा सका है।
पेयजल के लिए भटकेंगे श्रद्धालु, आरओ प्लांट खराब
शीतला धाम मंदिर के समीप ही पिछले दिनों पर्यटन विभाग ने लाखों की लागत से आरओ प्लांट लगवाया था। इसके चलते श्रद्धालुओं को शुद्ध और शीतल जल मिलने लगा था। लेकिन काफी दिनों से प्लांट खराब चल रहा है। मंदिर कमेटी की ओर से जिम्मेदारों को सूचना दिए जाने के बावजूद प्लांट नहीं दुरुस्त कराया गया। ऐसे में दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को पेयजल के लिए जेब ढीली करनी पड़ेगी।
Navratri will start from today with the establishment of Kalash- फोटो : KAUSHAMBI
Navratri will start from today with the establishment of Kalash- फोटो : KAUSHAMBI