फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अष्टमी पर महागौरी का भव्य श्रृंगार, पंडालों में उमड़ी भीड़

Thu, 18 Oct 2018 01:06 AM IST
kaushambi
विज्ञापन
नव दुऱ्र्गा - फोटो : अमर उजाला ब्यूराे
विज्ञापन
मंझनपुर। शारदीय नवरात्र के आठवें दिन बुधवार को भक्तों ने मां के महागौरी स्वरूप का श्रृंगार किया। मंदिरों व पूजा पंडालों में पहुंचे भक्तों ने मां के इसी स्वरूप का दर्शन-पूजन किया। कड़ा स्थित शीतला धाम में मां के इस स्वरूप का दर्शन-पूजन करने के लिए बुधवार को भारी संख्या में भक्त पहुंचे।
विज्ञापन


शारदीय नवरात्र का व्रत व पूजन बुधवार प्रतिपदा से शुरू हुआ। मां के कुछ भक्त नौ दिन का व्रत रखते हैं तो कुछ प्रतिपदा व अष्टमी को व्रत रखकर नौवीं को पारण कर देते हैं। इसके चलते नवरात्र अष्टमी का विशेष महत्व है। बुधवार अष्टमी को मां के इसी स्वरूप का पूजन-अर्चन करने के लिए भक्तों की भीड़ देवी मंदिरों व पूजा पंडालों में सुबह से लगी रही। संचवारा व किशनपुर अंबारी गांव स्थित मां अलोप शंकरी मंदिर, पश्चिम शरीरा स्थित झारखंडी देवी मंदिर, गुरौली के चंद्रिका देवी मंदिर, कनैली के शीतला माता मंदिर में भक्तों ने विधिविधान से देवी पूजन किया। इस दौरान भक्तों ने सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सर्वाथ साधिके, शरंये त्र्यंबके गौरी, नारायणी नमोस्तुते मंत्र की माला जपकर देवी का पूजन अर्चन किया।

इनके अलावा शीतला धाम कड़ा में मां के आठवें स्वरूप का दर्शन-पूजन करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ पहुंची। भोर से ही गंगा स्नान करने के बाद भक्त जयकारा लगाते हुए मां की दरबार में पहुंचे और माथा टेकते हुए प्रसाद चढ़ाया। गुरुवार को नौवीं को प्रतिपदा व अष्टमी का व्रत रखने वाले भक्त सुबह व नौ दिन का व्रत रखने वाले भक्त देर शाम हवन कर मां को विदाई देते हुए व्रत का पारण करेंगे।
विज्ञापन


महाश्रृंगार के बाद लगा 56 भोग, की महाआरती
कड़ा। शीतलाधाम कड़ा में विराजमान मां शीतला का शारदीय नवरात्र की अष्टमी को रात्रि में महाश्रृंगार किया गया। इस दौरान धाम में आए भक्तों के दर्शन के लिए पट बंद रहा। अर्धरात्रि 12 बजे मां को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग पुजारी ने लगाया और 21 दीपों से महाआरती की। मां की महाआरती में शामिल होने के लिए भारी संख्या में भक्त पहुंचे।

बांटा हलुआ-पूड़ी का प्रसाद
कड़ा। शीतलाधाम कड़ा में बुधवार को जय मां शीतला जन सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने लंगर वितरण का कार्यक्रम रखा। सुबह आठ बजे इसका उद्घाटन सिराथू विधायक शीतला प्रसाद ने किया। लंगर में हलुआ पूड़ी का वितरण सुबह आठ बजे से लेकर देर शाम तक होता रहा। लंगर वितरण में भाजपा नेता सियंवर पंडा, संजय मोदनवाल, चेतन श्रीवास्तव, तीरथ पंडा, बम्भोला पंडा, निहाल आदि समिति के सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।

कादीपुर पूजा पंडाल में हुआ भंडारा
मंझनपुर। सिराथू ब्लॉक के कादीपुर गांव स्थित हनुमान मंदिर पर बने पूजा पंडाल में बुधवार को कन्या भोज आयोजन दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष ने कराया। भोज में गांव की सैकड़ों कन्याएं पहुंचीं। अध्यक्ष देवीशंकर तिवारी ने अपनी अर्धांगिनी सैमा तिवारी के साथ कन्याओं का पैर धुलवाते हुए आसन पर बैठाकर पूरे भाव से प्रसाद खिलाया। कन्याओं को भोजन कराने में समिति संतोष पांडेय, भगवत प्रसाद, लाल बाबू, संगम तिवारी, मुकेश, अशर्फी पांडेय, राजेश प्रसाद पांडेय, पूर्व सैनिक, मुन्ना पांडेय का सराहनीय सहयोग रहा।

दुर्गा मंदिर में महिलाओं ने किया भजन-कीर्तन
सरायअकिल। सरायअकिल कस्बा स्थित मां दुर्गा मंदिर में अष्टमी की सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। इसके बाद महिलाओं ने भजन-कीर्तन का कार्यक्रम शुरू किया। भक्तिगीतों के कार्यक्रम में कस्बे की महिलाओं का आना-जाना सुबह से लेकर देर शाम तक जारी रहा। महिलाओं के भजन-कीर्तन से देवी मंदिर बुधवार को दिनभर गुलजार रहा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें