फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर पालिका की सौगात से आएगी विकास की बयार

Fri, 30 Dec 2016 12:33 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो कौशाम्बी
विज्ञापन
other
विज्ञापन
वर्ष 2016 में जिले के लिए कई विकास कार्य किए गए। जिला मुख्यालय को फोरलेन से जोड़कर चित्रकूट और लखनऊ की दूरी कम कर दी गई। इसके अलावा अन्य कई महत्वपूर्ण कार्य हुए। इसी साल मंझनपुर व भरवारी को नगर पालिका बनाने का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ। यह कौशाम्बी के लिए एक बड़ी कामयाबी भी रही। इसके अलावा उद्यान विभाग ने किसानों को आधुनिक खेती के गुर सिखाते हुए उन्हें एक नया मुकाम भी दिया। अब यहां के किसान नगदी फसल पर जोर देने लगे हैं। वर्ष 2017 में यदि मंझनपुर अथवा भरवारी को नगर पालिका बनाया गया तो तरक्की के नए दरवाजे खुलेंगे। ढांचागत निर्माण के साथ ही हर वह जरूरी सुविधाएं भी मिलेंगी, जिसकी लोगों को दरकार थी। मूलभूत समस्याएं दूर तो होगी ही जरूरतों की भरपाई भी होगी।
विज्ञापन


बिजली-पानी का होगा पुख्ता इंतजाम
नगर पालिका का दर्जा मिलने पर मंझनपुर व भरवारी से जुड़े दर्जनों गांवों का भी विकास होगा। इन गांवों का भी शहरीकरण किया जाएगा। ऐसा होने पर इन गांवों में बिजली व पानी की समस्या दूर होगी। लोगों के घरों तक शुद्ध पानी पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा व्यवस्थित बिजली लाइन भी खींची जाएगी। लोगों को अंधेरे से निजात मिलेगी। अभी नगर पंचायत समेत इन सभी गांवों में लोग हैंडपंप के भरोसे हैं। गर्मी के दिन में यह हैंडपंप दगा दे जाते हैं। इससे लोगों को तमाम परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है।

नए सिरे से तैयार होगा शहरीकरण का ढांचा
नगर पालिका बनने के बाद नए तरीके से शहरीकरण का ढांचा तैयार किया जाएगा। नगर पालिका अपने अस्तित्व में आने के बाद सभी वार्डों का विकास कराएगी। सड़कें चमाचम होंगी, फुटपाथ भी होगा। साइकिल ट्रैक भी अलग से बनेगा। इसके अलावा अस्पताल, स्कूल आदि का निर्माण भी होगा। नगर पालिका के सभी वार्डों को एक दूसरे से जोड़ने के लिए मार्ग बनेंगे। इनके साथ नाले का भी निर्माण होगा। हाईटेक सुविधाएं लोगों को मिलेगीं ताकि वह देश-दुनिया से जुड़ सकें। साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार होगा। सीवर लाइन बनाकर लोगों के घरों का गंदा पानी बाहर निकाला जाएगा। इसके अलावा निर्माण के लिए लोगों को नगर पालिका से अनुमति लेनी पड़ेगी। भवन चित्र नगर पालिका से पास करना होगा।
विज्ञापन


सभी की होगी अपनी पहचान
नगर पालिका में शामिल होने के बाद गांवों के लोगों को एक नई पहचान मिलेगी। सबका नगर पालिका में रजिस्ट्रेशन होगा, उनके मकान का ब्यौरा भी नगर पालिका दर्ज कराएगी। किसकी कहां और कितनी संपत्ति है, इसका भी लेखा-जोखा नए सिरे से तैयार होगा। शहरी सुविधाओं के लिए यह सब व्यवस्था होगी। एक बार इस प्रक्रिया में लोगों के शामिल होने के बाद उनका हर साल सत्यापन भी कराया जाएगा। किराएदारी की व्यवस्था में भी बदलाव होगा। इसके लिए लोगों को नगर पालिका से अनुमति लेनी पड़ेगी, साथ ही किराएदार के बारे में पूरी जानकारी देनी होगी।  

बनेंगे आवास, चिकित्सा सेवा में होगा सुधार
नगर पालिका बनने पर लोग कर के दायरे में तो आएंगे ही, लेकिन सुविधाओं का उन्हें लाभ भी मिलेगा। आवास बनाकर लोगों को दिए जाएंगे। इसके अलावा सबसे बड़ी समस्या चिकित्सा सेवा मेें भी सुधार होगा। इस पर नगर पालिका की निगाह रहेगी। सभासदों के दबाव का असर यह रहेगा कि चिकित्सकों की लापरवाही पर लगाम लगेगी।

बेहतर होगी शिक्षा, बनेंगे खेल मैदान
शहरीकरण की शुरूआत के साथ नगर पालिका की वरीयता होगी कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था नागरिकों को वह उपलब्ध कराए। नए स्कूल होंगे, ऐसा शैक्षणिक माहौल बनाया जाएगा ताकि बच्चे स्कूल की ओर आकर्षित हों। इसके अलावा खेल मैदान भी बनाया जाएगा, जहां प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी कला का प्रदर्शन कर सकें। नगर पालिका स्टेडियम आदि भी बनवा सकती है। इसके लिए उसे केवल जमीन की आवश्यकता पड़ेगी, बाकी का काम वह सदन को माध्यम से करा लेगी। अभी जिला स्टेडियम के अलावा खिलाड़ियों के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है। गांवों में खेल मैदान है हीं नहीं। परिषदीय विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में नगर पालिका से लोगों को तमाम उम्मीदें रहेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें