कौशाम्बी ने करारी और मंझनपुर टीम ने आमांकुवां को दी शिकस्त
-कोसम इनाम में दो पारियों में हुए दो क्रिकेट मैच, सद्दाम और अमित बने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी,
बारा। कोसम इनाम में हो रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को दो पारियों में मैच हुआ। इसमें चार टीमों ने हिस्सा लिया। कौशाम्बी क्रिकेट क्लब ने अली इलेवन करारी तो जेबा क्रिकेट क्लब मंझनपुर ने स्पोर्टिंग क्लब आमांकुवां टीम को शिकस्त दी। विजेता टीमों के खिलाड़ी सद्दाम और अमित गिरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पहली पारी में अली इलेवन करारी व कौशाम्बी क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला हुआ। टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी करारी की टीम ने निर्धारित 14 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 90 रन बनाए। वहीं कौशाम्बी क्रिकेट क्लब ने चार विकेट से मैच जीत लिया। इसमें सबसे बड़ा श्रेय अर्धशतीय पारी खेलने वाले अमित गिरी को गया। अमित गिरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में जेबा क्रिकेट क्लब मंझनपुर व स्पोर्टिंग क्लब आमांकुवां की टीम भिड़ीं। आमांकुवां ने टॉस जीतकर पहले फिल्डिंग करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मंझनपुर की टीम ने खेलते हुए निर्धारित 12 ओवर में 143 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाज सद्दाम ने 63 रनों की नाबाद पारी खेली। जवाब में खेलने उतरी आमांकुवां की टीम 98 रन पर ही सिमट गई। मंझनपुर की टीम ने 46 रन से मैच जीत लिया। मंझनपुर टीम के बल्लेबाज सद्दाम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। कमेंट्री सारिक और फिरोज हसन ने की। अंपायर की भूमिका में मासूम अब्बास व योगेश रहे। इस मौके पर मैच के आयोजक राजेश कुमार, हसन, ब्रजेश कुमार, मो. रजा मौजूद रहे।