बहनों से छेड़खानी, भाई को पीटा
नगर कोतवाली इलाके का मामला, एसपी ने कोतवाल को दिया कार्रवाई का निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। नगर कोतवाली इलाके के एक गांव की सगी बहनों के साथ पड़ोसी युवक ने छेड़खानी की। बाद में सत्संग देखकर लौट रहे उसके भाई को ईंट भट्ठे पर बंधक बनाकर पीटा। पीड़िता की शिकायत पर एसपी ने इंस्पेक्टर को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने बताया कि 30 सितंबर को वह अपनी बहन के साथ खेतों की ओर गई थी। वहां पड़ोसी युवक ने बहनों के साथ छेड़खानी की थी। विरोध करने पर पीटा भी था। पीड़िता की मानें तो आरोपी के खिलाफ उसने एक अक्तूबर को तहसील दिवस तो 11 व 15 अक्तूबर को एसपी को तहरीर दी। इसके बाद भी किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसकी वजह से आरोपी का हौसला बढ़ा हुआ है। अब वह समझौते के लिए तरह-तरह से दबाव डाल रहा है। नहीं मानने पर जानलेवा धमकी देता है। बताया कि 20 अक्तूबर को उसका भाई सत्संग देखकर लौट रहा था। रास्ते में आरोपी ने साथियों संग रोक लिया और भट्ठे पर बंधक बनाकर पिटाई की। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित युवती ने खुद के साथ अपने भाई की भी हत्या की आशंका जाहिर की है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए नगर कोतवाल को कार्रवाई का निर्देश दे दिया है।