Molestation case filed against four people including BJP leader
खुद को विधायक का करीबी बताने वाले भाजपा नेता सहित चार लोगों के खिलाफ चरवा कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर ली है। करीब महीने भर से नेता की हरकतों से आजिज महिला की कहीं सुनवाई नहीं होने पर बुधवार को पुलिस ऑफिस पहुंच गई थी और उसने आत्मदाह का प्रयास किया था। घटना के वक्त ऑफिस में आईजी और एसपी भी मौजूद रहे। ऑफिस से लेकर सड़क तक करीब एक घंटे से अधिक समय तक तमाशा चला।
चरवा कोतवाली इलाके के एक कस्बा में रहने महिला अपने पड़ोस के मनचले युवकों की हरकतों से परेशान थी। इन मनचलों में एक युवक भाजपा नेता और सत्तापक्ष के एक विधायक का भी करीबी हैं। महिला ने मामले में कार्रवाई के लिए चरवा पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से वह परेशान थी। एक सप्ताह पहले भी महिला के साथ आरोपी भाजपा नेता और उसके साथियों ने फब्तियां कसी थीं। उस शिकायत पर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
महिला ने विधायक ने न्याय की गुहार लगाई। बकौल महिला विधायक ने अपने करीबी को फटकार लगाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद उसी करीबी ने फिर से छेड़खानी की और वीडियो भी बनाया। कहीं से इंसाफ मिलता नहीं देख महिला बुधवार को एसपी ऑफिस पेट्रोल लेकर पहुंची।
यहां महिला पुलिस तैनात थी, लेकिन वह उन्हें चकमा देकर दफ्तर तक पहुंच गई। संयोग से उस वक्त आईजी राकेश सिंह निरीक्षण के लिए पुलिस ऑफिस में ही मौजूद थे। महिला बिना आईजी से मिले जाने को तैयार नहीं थी। वहीं पुलिसकर्मी किसी कीमत पर उसे आईजी से मिलने नहीं देना चाहते थे।
इसे लेकर सड़क पर एक घंटे से अधिक समय तक तमाशा हुआ। महिला को पुलिसकर्मियों ने घसीट कर पकड़ा और पुलिस जीप में लादकर थाने ले गए थे। इधर, बृहस्पतिवार की देर शाम इस मामले में भाजपा नेता शेखर पांडेय, डब्बू, बकलोल और कब्बू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर चरवा अरविंद कुमार त्रिवेदी का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तारी कर जेल भेजा जाएगा।