पश्चिमशरीरा। रत्नावली धाम (महेवाघाट) में छह अप्रैल से होने वाली मोरारी बापू की रामकथा सुनने के लिए आने वाले विदेशी श्रोताओं को ठहरने के लिए थ्री स्टार होटल सरीखी सुविधा प्रदान की गई है। धाम में बनाए गए वातानुकूलित कॉटेज की ऑन लाइन मुफ्त बुकिंग की जा रही है।
रत्नावली धाम या फिर यह कहें कि कौशाम्बी में पहली बार रामकथा वाचक मोरारी बापू का आगमन हो रहा है। मानस रचयिता तुलसीदास जी के अनुयायी मोरारी बापू उनकी ससुराल रत्नावली धाम में छह अप्रैल से रामकथा कहने के लिए आ रहे हैं। कथा सुनने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा विदेशी भक्त भी आएंगे। विदेशी भक्तों ने खुद के ठहरने के लिए ऑन लाइन कॉटेज की बुकिंग कराई है। धाम में बनाए गए सात सौ कॉटेज में आधुनिक सुविधाओं का खास ख्याल रखा गया है। कॉटेज के अंदर ही साफ-सुधरा टॉयलेट, बाथरूम बनाया गया है। कमरे में एसी लगाई गई है। इसके अलावा बेड, ड्रेसिंग टेबिल, सोफा भी कॉटेज में रखवाया गया है।
कथा के आयोजनकर्ता संत कृपा सनातन संस्थान के मीडिया प्रभारी जय प्रकाश माली ने बताया कि मोरारी बापू की यमुना के किनारे कैलाश कुटी बनकर तैयार हो चुकी है। कांलिदी की सैर के लिए एक स्पेशल स्टीमर मंगवाया गया है। मोरारी बापू की कुटी से तुलसीदास जी की जन्म स्थली साफ दिखाई देती है।