मंझनपुर। लोकसभा चुनाव में मत प्रतिशत बढ़ाने लिए अब नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवी महिलाओं और नए वोटरों को हस्ताक्षर अभियान के जरिए जागरूक करेंगे। शनिवार की शाम सीडीओ इंद्रसेन सिंह ने अपने कार्यालय में केंद्र से जुड़े लोगों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की।
सीडीओ ने कहा नए मतदाताओं में वोट देने की ज्यादा ललक रहती है। बस जरूरत है उन्हें वोट के कीमत को बताने की। इसके लिए हस्ताक्षर अभियान और मतदाता शपथ समारोह के आयोजन पर जोर दिया जाए। महिला मतदाता अक्सर घर के काम काज के चक्कर में वोट नहीं देने जाती। ऐसे में महिलाओं को खासतौर पर वोट की अहमियत बताते हुए मतदान करने के लिए अपील की जाए। सीडीओ ने युवा केंद्र के वालंटियर के साथ हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर कार्यक्रम समन्वयक अमित शुक्ल, मनोज कुमार, मुकेश जायसवाल, आफताब अहमद, मनीष कुमार, विजय लक्ष्मी, मोहनी पांडेय, अंतिमा मिश्रा, प्रभाकांत मिश्रा, निरंजन लाल, कृष्ण कुमार, शकील अहमद आदि लोग मौजूद रहे।