मंझनपुर। कौशाम्बी संसदीय सीट में करोड़पति गठबंधन प्रत्याशी इंद्रजीत सरोज व जनसत्ता के शैलेंद्र कुमार के बाद मिश्रीलाल ने ताल ठोंका है। बिना आपराधिक छवि के मिश्रीलाल के पास न तो ज्यादा बैंक बैलेंस है और न ही गहना।
कौशाम्बी संसदीय सीट के लिए अब तक 25 लोगों ने नामांकन के लिए पर्चा खरीदा है। जिसमें सबसे पहले सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी इंद्रजीत सरोज, जनसत्ता के शैलेंद्र कुमार अब तक नामांकन दाखिल कर चुके हैं। सोमवार को स्वतंत्र जनता राज पार्टी के प्रत्याशी मिश्रीलाल ने अपना नामांकन दाखिल किया। मिश्रीलाल ने अपने शपथ पत्र में बताया कि वह कानपुर विश्व विद्यालय से वह स्नातक हैं। उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं है। मिश्रीलाल के पास नकद के रूप में 45 हजार व पत्नी के खाते में 25 हजार रुपया है। पति-पत्नी के बैंक खाते में महज 15-15 सौ रुपया जमा है। मिश्रीलाल के पास डेढ़ किलो चांदी व पत्नी के पास एक तोला सोना है। रहने के लिए दो कमरों का घर व एक बारामदा है।