जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह से ही सूरज की तेज किरणें चुभने लगीं और दोपहर तक सड़कों पर सन्नाटा छा गया। राहगीरों ने चेहरे पर गमछा, रुमाल और सिर पर टोपी बांधकर खुद को धूप से बचाने का प्रयास किया।
चौराहों पर छांव और पानी की तलाश में लोग
सोमवार को मंझनपुर चौराहे पर तेज धूप से बचने के लिए लोग दुकानों की छतरी और छांव के नीचे दुबके दिखे। बैठने की समुचित व्यवस्था न होने से राहगीरों को काफी परेशानी हुई। चौराहों पर लगे वाटर कूलर पर लोग रुककर प्यास बुझाते नजर आए।
किसानों के लिए कृषि वैज्ञानिक की सलाह
कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने किसानों को सलाह दी कि खेत खाली होने पर नमी संरक्षण के लिए हल्की जुताई और मल्चिंग करें। सब्जियों और दलहनी फसलों में सिंचाई सुबह या शाम के समय करें और दोपहर में सिंचाई से बचें। आम के बागों में फल गिरने से रोकने के लिए नियमित हल्की सिंचाई करें।
पशुओं को हरा चारा दें पशुपालक
पशुपालकों को सलाह दी गई है कि पशुओं को छायादार स्थान पर रखें और दिन में तीन से चार बार पानी पिलाएं। हरा चारा और मिनरल मिक्सचर दें और पशुशाला में हवा का उचित प्रबंध सुनिश्चित करें। दोपहर के समय पशुओं को चराने के लिए बाहर न ले जाएं।
व्यापारियों की मांग, चौराहों पर हो पानी की व्यवस्था
कस्बा क्षेत्र में सोमवार को सड़कें सुनी दिखीं। स्थानीय व्यापारी रामानंद वर्मा, नौनिहाल मौर्या, रोहणी जायसवाल ने बताया कि है कि करारी इंटर कॉलेज तिराहा, डॉ. रिजवी कॉलेज, गुवारा तैयबपुर, दरियापुर, म्योहर और भैला मकदूमपुर चौराहे पर भी नगर पंचायत व ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को पानी की समुचित व्यवस्था करानी चाहिए।
मंझनपुर चौराहे पर शेड की सुविधा न होने से दुकान के बाहर लगी छतरी के नीचे छांव का सहारा लेते लोग
मंझनपुर चौराहे पर शेड की सुविधा न होने से दुकान के बाहर लगी छतरी के नीचे छांव का सहारा लेते लोग
मंझनपुर चौराहे पर शेड की सुविधा न होने से दुकान के बाहर लगी छतरी के नीचे छांव का सहारा लेते लोग