चायल। स्थानीय नगर पंचायत में विकास कार्यों में जमकर अनियमितता बरती जा रही है। सभासदों की बिना सहमति के चेयरमैन और अधिशाषी अधिकारी विकास कार्य करा रहे हैं। जबकि, सभासदों के प्रस्ताव पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है। इसे लेकर बृहस्पतिवार को टाउन एरिया कार्यालय में आयोजित बोर्ड की बैठक सभासदों ने नाराजगी जाहिर की। जिम्मेदारों पर मनमानी बरतने का आरोप लगाकर सभासदों ने शासन को पत्र भी भेजा है।
सभासदों का कहना है कि दो साल पहले बोर्ड की बैठक में जिस प्रस्ताव पर उन लोगों के साथ चर्चा हुई थी, उस पर कोई काम नहीं किया गया है। आरोप लगाया कि मनौरी सराय अकिल मार्ग पर बनने वाली नाली और इंटरलाकिंग में भी जिम्मेदारों ने मनमानी की है। 15 सौ मीटर की नाली और इंटरलाकिंग निर्माण में 50 लाख रुबिना सभासदो के प्रस्ताव के ही खर्च कर दिया गया। जबकि, इस कार्य के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने पहले से ही अपना प्रस्ताव दिया है। अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन की मनमानी के खिलाफ लामबंद हुए कस्बे के सभासद मुन्ना सिंह, गुड्डी देवी, अमरनाथ पाल, हामिद इस्लाम, राम आसरे आदि ने शासन को पत्र भेजकर कार्रवाई की भी मांग की है।
----
यूनानी अस्पताल को स्थाई रखने की उठाई मांग
चायल। बोर्ड निकाय की बैठक में सभासदों ने कस्बा स्थित यूनानी अस्पताल को स्थाई करने की मांग की। सभासदों ने बताया कि कस्बे में स्थापित यूनानी अस्पताल जिला पंचायत की इकाई है। इस अस्पताल के लिए अब कस्बे में जगह नहीं मिल रही है। इस कारण जिला पंचायत अपनी इस इकाई को कस्बे से हटाकर कहीं अन्य स्थान पर ले जाना चाहती है।