संदीपन घाट थानाक्षेत्र के रघुनाथपुर कालोनी में सपना की मौत पर रोते बिलखते परिजन। संवाद
संदीपनघाट कोतवाली के कशिया मोड़ स्थित रघुनाथ कॉलोनी में मंगलवार शाम एक विवाहिता की शादी के 111 दिन बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना से नाराज मायकों वालों ने बेटी के ससुराल पहुंचकर हंगामा किया। सूचना के बाद आई पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
महगांव निवासी लवलेश ने बताया कि उसने अपनी बहन सपना देवी (22) की शादी इसी साल 10 जुलाई को कशिया मोड़ स्थित रघुनाथ कॉलोनी में रहने वाले सुदामा उर्फ अर्जुन के साथ की थी। अर्जुन शादी ब्याह में जयमाला स्टेज सजाने का काम करता है। लवलेश के मुताबिक शादी के बाद से ही ससुराली अतिरिक्त एक लाख नकदी व सोने की जंजीर मांगने लगे। असमर्थता जताने पर सभी उसकी बहन संग मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। समझाने के बाद भी ससुरालियों पर कोई असर नहीं पड़ा।
आरोप है कि मंगलवार रात भी पति समेत ससुरालियों ने बहन की पिटाई कर गला दबा दिया। इसके बाद चार पहिया से उसे लेकर महगांव आकर जानकारी दिया कि सपना की तबीयत खराब है, उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे हैं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद सपना को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर जैसे ही मायके वालों को मिली वह मूरतगंज पहुंच गए,और हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार की रो-रोकर हालत खराब है। थानाध्यक्ष बृजेश करवरिया ने बताया कि मृतका की मां सुमित्रा देवी की तहरीर पर सुदामा उर्फ अर्जुन, ससुर देशराज, सास निर्मला देवी, ननद अनीता व देवर बृजेश समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी पति, सास-ससुर व ननद को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
संदीपन घाट थानाक्षेत्र के रघुनाथपुर कालोनी में सपना की मौत पर रोते बिलखते परिजन। संवाद