मायके आई विवाहिता से दुष्कर्म, वीडियो वायरल करने की धमकी
- शुक्रवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। करारी कोतवाली इलाके के एक गांव में सप्ताह भर पहले मायके आई विवाहिता के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने अश्लील वीडियो भी बना लिया। अब उसे वायरल करने की धमकी दे रहा है। शुक्रवार को विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव से शिकायत की है।
क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता का कहना है कि वह सप्ताह भर पहले मायके आई थी। मंगलवार शाम वह घर पर अकेली थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विवाहिता का कहना है कि आरोपी ने उसका मोबाइल से अश्लील वीडियो भी बना लिया। अब वह वीडियो उसकी ससुराल में भेजने व वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है। शुक्रवार को पीड़िता ने करारी कोतवाली पुलिस के अलावा एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस पर लगाए गए गंभीर आरोप
मंझनपुर। विवाहिता ने बताया कि घटना की तहरीर जब करारी कोतवाली की अर्का चौकी में दी गई तो वहां पुलिसकर्मियों से आरोपी से सुलह का दबाव बनाया। इंकार करने पर उसके पिता को फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी गई। विवाहिता ने पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की मांग की है। संवाद