संदिग्ध दशा में विवाहिता की मौत, पति समेत सात पर दहेज हत्या का केस
-सरायअकिल के किशुनपुर अंबारी गांव में बुधवार रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
नेवादा। सरायअकिल के किशुनपुर अंबारी गांव में बुधवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। सर्प दंश से मौत की सूचना पाकर पहुंच मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। महिला के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संदीपनघाट थाना के कशिया पूरब निवासी हरीलाल पाल ने अपनी बेटी पायल (24) का विवाह 18 फरवरी 2022 को सरायअकिल के किशुनपुर अंबारी गांव के अमित पाल के साथ किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी के पति अमित, ससुर बसंत लाल, सास बसंती, जेठ लक्ष्मीकांत पाल, देवर दीपेश, ननद हेमा व चचिया ससुर भोला पाल दहेज में कार की मांग करने लगे। पांच दिन ससुराल में रहने के बाद वापस मायके आई बेटी पायल ने इसकी जानकारी दी थी। रिश्तेदारों के समझाने बुझाने पर दोबारा बेटी को ससुराल भेज दिया गया। हरीलाल के मुताबिक बुधवार रात आठ बजे उसे बेटी के ससुर बसंतलाल ने बताया कि सर्प दंश से पायल की मौत हो गई है। सूचना पर वह परिवार समेत रोते बिलखते हुए बेटी की ससुराल पहुंचा। चारपाई पर पड़े बेटी का शव देखा तो गले में चोट के निशान थे। इस पर हत्या का आरोप लगाते हुए सूचना पुलिस को दी। इंस्पेक्टर विनीत कुमार सिंह का कहना है कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विवाहिता की मौत का कारण पता चल सकेगा।
-
लूटपाट के मामले में कार्रवाई की मांग, शिकायत
नेवादा। एयरपोर्ट कोतवाली के गांजा निवासी विजय सिंह ने बताया कि 29 अगस्त की रात बरामदे में सो रहा था। आधी रात को घर के पीछे की दीवार फांद कर घुसे चोर नकदी समेत करीब डेढ़ लाख रुपये के गहने समेटने लगे। आहट सुन नींद से जगी विजय की बेटी प्रिया की निगाह पड़ने पर उसने शोर मचाने का प्रयास किया। इस पर चोरों ने मुंह दबाकर उसे पीट दिया। इसके बाद चोर भाग निकले। मामले में पीड़ित ने गांव के ही एक व्यक्ति को नामजद करते हुए मामले की तहरीर पुलिस को दी। इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने बुधवार को एसीपी वरुण कुमार से शिकायत की। एसीपी ने इंस्पेक्टर एयरपोर्ट को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। संवाद