पति से अनबन के बाद विवाहिता ने फंदे से लटक कर दी जान
- सात साल पहले बिहार की युवती से प्रेम विवाह कर घर लाया था तरसौरा गांव का युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
कल्यानपुर। कोखराज कोतवाली के तरसौरा गांव में बुधवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने दिल्ली में रह रहे मायके पक्ष के लोगों को खबर देने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तरसौरा गांव का ननका पटेल मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता है। सात साल पहले वह काम के सिलसिले में दिल्ली गया था। वहा उसकी मुलाकात बिहार की रहने वाली पूजा से हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। इस रिश्ते से दोनों के परिवार वाले भी संतुष्ट थे। पांच साल पहले पूजा ने एक बेटी को जन्म दिया। इधर, पिछले कुछ दिनों से दंपती के बीच किसी बात को अनबन चल रही थी। इस पर ननका दिल्ली की नौकरी छोड़कर प्रयागराज में काम करने लगा। ननका सुबह काम पर जाता व शाम को घर लौट आता था। पड़ोसियों की माने तो पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े की आवाज सुनाई देती थी। ननका के मुताबिक बुधवार सुबह वह प्रयागराज गया था। इस बीच भाभी सावित्री ने करीब 9.30 बजे फोन करके बताया कि पूजा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। ननका मौके पर पहुंचा व पुलिस को खबर दी। पुलिस ने दिल्ली में रह रहे पूजा के मायके वालों को खबर देने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके वाले दिल्ली से कौशाम्बी के लिए रवाना हो चुके हैं। इंस्पेक्टर इंद्रदेव ने बताया कि फिलहाल मामला खुदकुशी का लग रहा है। मायके पक्ष के लोग अगर तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।