क्षेत्र के थुलगुला गांव में शनिवार शाम बेकाबू बाइक की टक्कर से घायल एलपीजी सिलिंडर डिलीवरी मैन की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज मंझनपुर में मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बाइक चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली के निंदूरा का मजरा चौरा गांव निवासी मिश्रीलाल (50) पुत्र रामनाथ सिराथू स्थित एक गैस एजेंसी में डिलीवरी मैन का काम करते थे। मृतक की पत्नी नरौती देवी बड़े बेटे विनोद व छोटा बेटा मनोज के साथ मजदूरी करती हैं, जबकि दो बेटियां शादीशुदा हैं।
परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम 8:30 बजे मिश्रीलाल एजेंसी का काम समाप्त कर साइकिल से घर लौट रहे थे। वह थुलगुला गांव के सामने पहुंचे ही थे कि तभी सामने से आ रहे बेकाबू बाइक चालक ने टक्कर मार दी, जिसमें मिश्रीलाल गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे के बाद पहुंचे स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ मामले की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस 108 की मदद से सिराथू सीएचसी के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। जहां देर रात मिश्रीलाल की मौत हो गई।