विकास खंड सिराथू के लोहिया गांव गोविंदपुर गोरियाें में बिजली आपूर्ति ध्वस्त होने से पेयजल का गंभीर संकट पैदा हो गया है। एक-एक बूंद पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए मारामारी कर रहे हैं। पानी संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को अपनी जरूरत पूरा करने के लिए गांव के बाहर लगे ट्यूबेल की शरण में जाने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
लोहिया गांव गोविंदपुरगोरियों के कादिर, बब्बू, जुबैर आदि का कहना है कि तार टूटकर गिर जाने से 4 दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। इस बार ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर विभाग को नहीं दिया तो कोई फॉल्ट ठीक करने नहीं आ रहा है। जिससे बिजली के साथ गांव में पेयजल का भी संकट पैदा हो गया है। गर्मी से बेहाल ग्रामीण एक-एक बूंद पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। ग्रामीणोें का कहना है कि वे बिन बिजली तो गुजर कर सकते हैं। पर, इस गर्मी में बिन पानी बहुत मुश्किल है।
उनके गांव को लोहिया का दर्जा मिलने के बाद भी उन लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है। इस बारे में पूछे एसडीओ आरसी अनुरागी का कहना है कि शिकायत मिलने पर जेई को उन्होंने फॉल्ट ठीक करने के लिए भेजा है। पर, ग्रामीणों का कहना है कि जेई केएल यादव कभी भी गांव में झांकने तक नहीं आए हैं।