घटमापुर गांव के इसी खंभे में लाइट बनाते समय करंट की चपेट में आने से लाइनमैन मातादीन की हुई मौत
- फोटो : KAUSHAMBI
पंइसा कोतवाली के घटमापुर उपकेंद्र के पास मंगलवार शाम हाईटेंशन लाइन ठीक करते वक्त पोल पर चढ़े लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। लाइनमैन के मौत की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
क्षेत्र के लोधन का पूरा मजरा कैंमा गांव निवासी मातादीन घटमापुर विद्युत सब स्टेशन में संविदा कर्मचारी था। सोमवार शाम आई आंधी के कारण गड़बड़ हुई बिजली सप्लाई को ठीक करने के लिए वह ब्रेक डाउन कराकर पॉवर हाउस के पास ही खंभे चढ़ा था। वह हाईटेंशन लाइन दुरुस्त कर रहा था कि इस दौरान अचानक आपूर्ति शुरू होने गई।
हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर मातादीन गंभीर रूप से झुलस गया। उपकेंद्र के कर्मचारी आननफानन मातादीन को जिला अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।