रामपुर में खाद के लिए दिनभर लगी रही लाइन
समिति में मनमानी करने का किसानों ने लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। रबी फसल की बुआई के अंतिम दौर में भी किसानों को डीएपी नहीं मिल रही है। इलाके के किसान खाद के जुगाड़ में समितियों के चक्कर लगा रहें है, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है। शनिवार को चायल इलाके के किसान खाद के लिए रामपुर स्थित सहकारी समिति में दिनभर लाइन लगाए रहे। इनमें से आधे से अधिक किसानों को खाद नहीं मिलने पर निराश होकर लौटना भी पड़ा है। किसानों ने समिति के सचिव पर मनमानी तरीके से खाद बांटने का आरोप लगाया है।
नेवादा विकास खंड के रामपुर गांव स्थित सहकारी समिति में पिछले एक पखवाड़े से खाद नहीं थी। डीएपी और यूरिया का समिति में संकट था। किसानों की मांग पर समिति में पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई गई। इस बात की जानकारी शनिवार को जब किसानों को हुई तो इलाके की सैकड़ों काश्तकार समिति पहुंच गए। सुबह सात बजे से समिति में लाइन लगा कर खड़े हुए किसान दोपहर तक परेशान रहे। दोपहर बाद जब समिति के सचिव पहुंचे तो खाद बांटी गई। इस दौरान खाद नहीं मिलने पर आधे से अधिक किसान निराश होकर लौट आये। क्षेत्र के किसान त्रिभुवन सिंह, अमरनाथ, सौरभ मिश्रा, अवधेश यादव, राम सिंह, संतोष दुबे आदि ने बताया कि सचिव की मनमानी के कारण क्षेत्र के किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। समिति में खाद होने के बाद भी चहेतों को खाद दी जा रही है। समिति के सचिव के इस व्यवहार को लेकर इलाके के किसानों ने नाराजगी जाहिर की है।