अवैध बालू परिवहन के लिए बनाया गया रास्ता काटती जेसीबी
- फोटो : KAUSHAMBI
प्रयागराज जनपद के भिलोर घाट के पट्टे की आड़ में कौशाम्बी जनपद से बालू खनन व अवैध परिवहन हो रहा है। एसडीएम चायल व खान अधिकारी की संयुक्त टीम के औचक निरीक्षण मेें खुलासा होने के बाद रविवार को खान अधिकारी ने जेसीबी से रास्ता कटवा दिया। इस दौरान टीम को पिपरी कोतवाली क्षेत्र के घाटों पर भी बालू का अवैध खनन और परिवहन मिला।
प्रयागराज जनपद के लालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित भिलोर घाट पर बालू खनन के लिए पट्टा आवंटित किया गया है। लेकिन पट्टाधारक अपने आवंटित खंड से बालू निकासी करने के बजाय कौशाम्बी जनपद में बालू का अवैध खनन और परिवहन कर रहा है। इससे राजस्व की क्षति हो रही है। किसी ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से शिकायत की। डीएम के निर्देश पर रविवार को एसडीएम चायल राजेश श्रीवास्तव, खान अधिकारी आरपी सिंह ने सीओ चायल श्यामकांत के साथ भिलोर घाट पर छापा मारा।
इस दौरान टीम को मौके पर भारी मात्रा में बालू का अवैध खनन और परिवहन होता मिला। इस पर टीम ने अवैध खनन बंद कराते हुए परिवहन के लिए बनाए गए रास्ते को भी जेसीबी से कटवा दिया। एसडीएम ने बताया कि पट्टेधारक के खिलाफ अवैध खनन व परिवहन करने के आरोप में जुर्माने का नोटिस जारी किया जाएगा। जुर्माना नहीं जमा करने पर मुकदमा दर्ज करा कर पट्टा निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।