Kotdars demonstration on bad network
- फोटो : KAUSHAMBI
खराब नेटवर्क पर कोटेदारों ने किया प्रदर्शन
ई-पास मशीन के संचालन में आ रही दिक्कत से बढ़ी परेशानी
20 अक्तूबर तक समस्या का समाधान नहीं होने पर डीएसओ कार्यालय में मशीन वापस करने की दी चेतावनी
मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। खराब नेटवर्क के चलते कोटे की दुकान में ई-पास मशीन के संचालन में आ रही दिक्कत से परेशान कोटेदारों ने बुधवार को मुख्यालय में प्रदर्शन किया। कोटेदारों ने प्रदर्शन के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा।
कोटेदार वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने कहा कि प्रदेश के 80 हजार कोटेदार ई-पास मशीन में खराब नेटवर्क की समस्या से परेशान हैं। कौशाम्बी में भी पांच तारीख से लेकर 25 तक राशन का वितरण होता है। इस बीच नेटवर्क की समस्या के कारण कोटेदारों को परेशान होना पड़ता है। राशन मिलने सेे वंचित कार्डधारक कोटेदारों के साथ मारपीट करने पर भी आमादा हो जाते हैं। इसके अलावा कोटेदारों को आज तक सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया गया। कोटेदारों को अन्य प्रदेशों की तरह 200 रुपये प्रति कुंतल का लाभांश दिया जाए। चेतावनी दी कि अगर कोटेदारों की समस्या का समाधान 20 अक्तूबर तक नहीं होता तो वह लोग सामूहिक रूप से ई-पास मशीन जिला पूर्ति अधिकारी को वापस कर देंगे। इस मौके पर मनोज कुमार, दिनेश कुमार, रामचंद्र, दीपक, सुंदर लाल, पारसनाथ, राजेेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार आदि कोटेदार मौजूद रहे।