फतेहपुर में तैनात अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो. अहमद खान के कार का कोखराज में हुए एक्सीडेंट मामले में नया मोड़ आ गया है। कुछ दिन पहले पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी ने प्रेसवार्ता कर घटना को महज एक हादसा और संयोग बताया था लेकिन अब यू टर्न लेते हुए कौशाम्बी पुलिस ने एडीजे की क्षतिग्रस्त कार की टेक्निकल जांच कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए टेक्निकल टीम को पत्र भेजा जा चुका है। सिराथू के सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण ने फतेहपुर जाकर एडीजे का बयान दर्ज किया। साथ ही उनके अंगरक्षक का मेडिकल मुआयना भी कराया है।
कौशाम्बी के कोखराज में कार में टक्कर लगने से एडीजे मो. अहमद खान गनर समेत जख्मी हो गए थे। घटना तब हुई जब वह प्रयागराज से फतेहपुर लौट रहे थे। उनकी ओर से थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया गया है कि उनकी हत्या करने के उद्देश्य से कार में टक्कर मारी गई। बाद में पुलिस ने छानबीन करने के बाद मामले को महज एक हादसा और संयोग बताते हुए फाइल को ठंडे बस्ते में डाल दिया था।