गंगा को निर्मल बनाने के लिए सबसे अहम है जन जागरूकता है। जनता में गंगा स्वच्छता की अलख जगाने के लिए भाजपा गंगा भक्तों की टोली बनाएगी। यह बातें बृहस्पतिवार को कालेश्वर आश्रम कड़ा आए नमामि गंगे के राष्ट्रीय प्रभारी शिवप्रकाश मिश्र ने कही। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक में उन्होंने गंगा स्वच्छता पर गंभीरता से काम करने का आह्वान भी किया।
गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार ने नमामि गंगा योजना चालू की है। इस योजना के अखिल भारतीय प्रभारी बनाए गए भाजपा नेता शिवप्रकाश मिश्र बृहस्पतिवार को कड़ा के कालेश्वर आश्रम आए थे। यहां उन्होंने सांसद विनोद सोनकर, जिलाध्यक्ष रमेश पासी समेत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने दुनिया में बढ़ते प्रदूषण के खतरे के प्रति लोगों को आगाह किया। कहाकि लगातार गंगा प्रदूषित होती जा रही है। अरबों रूपये स्वच्छता के नाम पर खर्च करने के बाद भी मां गंगा का जल निर्मल नहीं हो पा रहा है।
गंगा में यह निर्मलता तब तक नहीं आएगी, जब आमजन इसके लिए जागरूक नहीं बनेगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार और भाजपा इसके लिए गंभीर है। गंगा को निर्मल बनाने के लिए जन जागरूकता लाने के लिए गंगाभक्तों की टोली बनाई जाएगी। जो गंगा घाटों पर मौजूद रहकर आमजन को गंगा को प्रदूषित नहीं करने की अलख जगाएंगे। इस मौके पर पूर्व विधायक शिवदानी, पुष्पा देवी, पुरूषोत्तम लाल, आद्या प्रसाद पांडेय, सप्तमी प्रसाद पंडा, अरूण कुमार केसरवानी, प्रेमचंद्र चौधरी, अनामिका देवी आदि मौजूद रहीं।