झूठे मुकदमें में फंसाने की पड़ोसी की कारस्तानी के खिलाफ समसपुर गांव के लोगों ने शनिवार को एसपी का घेराव किया। भुक्तभोगी परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर शुक्रवार की रात हुई घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। एसपी ने जांच कराने के बाद ही कार्रवाई का भरोसा लोगों को दिलाया है।
चरवा थाना क्षेत्र के समसपुर गांव निवासी धुन्नू की पड़ोसी से जमीन कब्जे को लेकर पुरानी रंजिश है। आए दिन दोनों परिवार एक दूसरे से इसी अदावत को लेकर भिड़ते रहे हैं। इनके बीच जमीन का मुकदमा भी अदालत में लंबित है। इधर, शुक्रवार की शाम संदिग्धदशा में धुन्नू के विपक्षी परिवार के एक लड़के को पैर में गोली लग गई। आरोप है कि यह हमला धुन्नू आदि ने ही कराया है। जख्मी युवक ने घटना की नामजद तहरीर थाने में दी। इसकी जानकारी लगते ही धुन्नू और गांव के अन्य लोग भड़क उठे। गांव के रहने वाले अविनाश दूबे, रामलखन, शशिकुमार, विश्व मंगल, बचान यादव, रामचरन, रिंकू यादव, राधेश्याम, दिलीप कुमार पांडेय, अर्जुन पांडेय, रमेश गौतम आदि ने शनिवार को मंझनपुर आकर एसपी का घेराव किया।
गांववालों के मुताबिक गांव के धुन्नू पांडेय का पड़ोसी से कई साल से जमीन कब्जे का विवाद चल रहा है। इसी पुरानी रंजिश में विपक्षी उसे जानलेवा हमले में फंसाने की साजिश कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर शुक्रवार की शाम गोली मारे जाने की घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। एसपी ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीओ चायल को गांव जाकर घटना की जांच करके 24 घंटे में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।