आदर्श नगर पंचायत करारी के सोनारन का टोला और इंदिरा नगर मोहल्ले में रहने वाले 500 परिवार सालभर से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। मोहल्ले में सप्लाई के लिए बिछी पाइप लाइन जर्जर और चोक है। इससे ज्यादातर घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। वहीं जिन घरों में पानी आता भी है। वह गंदा और बदबूदार होता है। परेशान मोहल्ले के लोगों को घर से दूर लगे हैंडपंपों से पानीभर ले आने को मजबूर हैं। गुस्सा है कि शिकायत के बाद भी नगर पंचायत के जिम्मेदार पानी की समस्या को दूर करने की कोशिश तक नहीं कर रहे हैं।
करारी कस्बे के सोनारन टोला और इंदिरा नगर मोहल्ले में पेयजल की सप्लाई के लिए नगर पंचायत की ओर से पाइप लाइन बिछाई गई है। सोनारन का टोला मोहल्ले के रहने वाले मंगल दास केसरवानी, अंजुम रिजवी, कमलेश कुमार आर्य, प्रवेश कुमार गौड़, दीपक जायसवाल, तीरथ सिंह, राम दुलार केसरवानी, कृष्ण मोहन, विक्की, बदरूज्जमां आदि ने बताया कि बरसों पुरानी बिछाई गई पाइप लाइन जर्जर होने के साथ जगह-जगह से लीकेज हो गई है। वहीं पाइप लाइन कई स्थानों पर चोक भी है। इससे करीब सालभर से ज्यादातर घरों में पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। वहीं जिन घरों तक पानी पहुंचता भी है। वह पाइप लाइन लीकेज की वजह से गंदा और बदबूदार रहता है।
इसके कारण दोनों मोहल्ले के करीब 500 परिवार पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों का कहना है कि पानी की इस समस्या की शिकायत कई बार अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी से की गई। इसके बाद भी पानी की समस्या को दूर नहीं किया जा रहा है। इसका लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। शनिवार को मोहल्ले के लोगों ने सड़क पर उतरकर गुस्सा भी दिखाया। मामले में अधिशासी अधिकारी लालजी यादव ने बताया कि समस्या की उन्हें जानकारी नहीं थी। अब पता चला है, जल्द ही पानी की दिक्कत दूर कराई जाएगी।