पंचायत चुनाव के चौथे चरण में बुधवार को कौशाम्बी और सरसवां ब्लाक के 117 ग्रामसभा में मतदान है। इसके लिए दोनों ब्लाकों में कुल 404 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर मतदान कराने के लिए मंगलवार को दिनभर पोलिंग पार्टियों की ब्लाक मुख्यालयों से रवानगी की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शाम 5 बजे तक सभी मतदेयस्थलों पर पोलिंग पार्टियां और सुरक्षाकर्मी पहुंच गए।
पंचायत चुनाव के तहत प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए चौथे और आखिरी चरण का मतदान बुधवार को है। जिसमें कौशाम्बी और सरसवां ब्लाक की 117 ग्रामसभा में मतदान होना है। इसके लिए कौशाम्बी ब्लाक की 57 ग्रामसभा में 201 और सरसवां ब्लाक की 60 ग्रामसभा में कुल 203 बूथ बनाए गए हैं। दोनों ब्लाक में मतदान के लिए बनाए गए 404 मतदेयस्थलों पर मतदानकर्मियों की रवानगी ब्लाक मुख्यालयों से की गई। सुबह 8 बजे से ही दोनों ब्लाकों से मतदान ड्यूटी पर लगे कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी जुटने लगे थे।
पोलिंग पार्टियों को बूथों पर भेजने के लिए न्याय पंचायतवार काउंटर बनाए गए थे। पोलिंग पार्टियों की रवानगी शाम 4 बजे तक जारी रही। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शाम 5 बजे तक चौथे चरण के लिए सभी 404 बूथों पर पोलिंग पार्टियां और सुरक्षाकर्मी पहुंच गए थे। सेक्टर मजिस्ट्रेटों से इसकी तस्दीक करा ली गई है।