बेखौफ चोरों ने बुधवार की रात भरवारी कस्बे के एक मकान और दुकान से मोबाइल, पैसों समेत हजारों रुपये का माल पार कर दिया। भुक्तभोगियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
कोखराज थाना क्षेत्र के रोही गांव निवासी कंधई लाल पुत्र राजाराम ने भरवारी क्रासिंग के समीप गुमटी में पान और परचून की दुकान खोली है। बुधवार की रात चोर दुकान का ताला तोड़कर गुमटी में रखा परचून का सारा सामान और करीब एक हजार रुपये उठा ले गए।
भुक्तभोगी के मुताबिक चोर उसकी दुकान से करीब 15 हजार रुपये का सामान ले गए हैं। इसी तरह भरवारी कस्बा निवासी विजय कुमार पुत्र अशोक के मकान की दीवार फांदकर बुधवार की रात घुसे चोर 4 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन के अलावा कपड़े, बर्तन आदि करीब 15-20 हजार रुपये का सामान समेट ले गए। दुकान और मकान में हुई चोरी की जानकारी भुक्तभोगियों को सुबह हुई, तो उनके होश उड़ गए। चोरी की भनक लगते ही आसपास के लोग भी जमा हो गए। सूचना पर आई इलाकाई पुलिस ने मौका मुआयना किया। भुक्तभोगियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस चोरों की खोजबीन में जुटी है।