मंझनपुर (ब्यूरो)। महर्षि पब्लिक स्कूल पश्चिमशरीरा का वार्षिकोत्सव बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करके मौके को यादगार बना दिया। बच्चों की अदाकारी, उनके गीत, नृत्य को देखकर लोग झूम उठे।
स्कूल के सालाना जलसे का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय ने दीप जलाकर किया। फिर बच्चों ने सरस्वती वंदना पेश की। स्वागत गीत के बाद बच्चों ने राधा-कृष्ण की नृत्य नाटिका के साथ गीत-संगीत से भरे विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करके बच्चों ने लोगों का मन मोह लिया। लोकगीत और फिल्मी गीतों पर बच्चों की अदाकारी, उनका नृत्य देखकर लोग झूमते रहे। वहीं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे एसपी ने छात्र-छात्राओं को लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने की सीख दी।
साथ ही उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से ही बच्चों की छिपी प्रतिभाएं बाहर आती हैं। उन्हें खुद को समझाने और आगे बढने का मौका मिलता है। एडीएम रामसूरत पांडेय ने भी आयोजन को सराहा। मौके पर स्कूल के प्रबंधक राजकुमार त्रिपाठी, पूर्व ब्लाक प्रमुख जवाहरलाल त्रिपाठी, सुभाष पटेल, प्रधानाचार्य सत्येंद्र रैना, श्रद्धा गुप्ता, राजेंद्र त्रिपाठी, निधि त्रिपाठी, शिखा मोदनवाल, मीना केसरवानी, डॉ. अशोक कुमार मौर्य, वंशीलाल, सुनीता केसरवानी, मोनिका सिंह, अमर सिंह, अंजू त्रिपाठी, सरोज चौबे, बालकृष्ण, भोला यादव, अजय सिंह आदि मौजूद रहे।