मंझनपुर (ब्यूरो)। देश के अमर बलिदानी सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को सोमवार को उनकी शहादत दिवस पर याद किया गया। मौजूद लोगों ने अमर सपूतों के चित्र पर माल्यार्पण कर देश की एकता-अखंडता और सुरक्षा की शपथ ली।
अमर शहीद सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर सोमवार को टेंवा में वंदे मातरम सेवा समिति की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष हिमांचल मौर्य ने तीनों अमर सपूतों के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें नमन किया। कहा कि देश को लाखों वीर सपूतों की शहादत के बल पर आजादी नसीब हुई है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया, इन सपूतों के बलिदान को याद रखना आज की पीढ़ी का पहला कर्तव्य है। तभी देश की एकता-अखंडता और सुरक्षा संभव है।
उन्होंने युवा पीढ़ी से सपूतों के दिखाए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। इस मौके पर रज्जन सिंह, रोहित कुमार, लक्ष्मी केसरवानी, पुत्तन चौरसिया, डॉ. मनोज कुमार चौरसिया, गुड्डू केसरवानी, उत्तम तिवारी आदि मौजूद रहे। अमर सपूतों की शहादत दिवस पर भारत स्वाभिमान ट्रस्ट की ओर से भी एसपी मेमोरियल स्कूल मंझनपुर में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौरे पर ट्रस्ट के जिला प्रभारी भारत सिंह लोधी ने छात्र-छात्राओं को सरदार भगत सिंह और देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले उनके साथियों की वीरगाथा सुनाई। उनके जैसा सच्चा देशभक्त बनने की सीख दी। इस मौके पर गुलाब सिंह लोधी, लालता प्रसाद, मनोज केसरवानी, संतोष कुमार, पद्मा सिंह, भारत सिंह, राम प्रसाद, विकास गुप्ता, पंकज कुमार, भैयालाल, गंगाराम, लक्खी चंद्र, प्रमेश कुमार आदि मौजूद रहे।