मंझनपुर। बिजली बिल में मनमानी को लेकर मंझनपुर के उपभोक्ताओं का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। दो महीने का बिल तीन गुना भेजे जाने का आरोप लगाते हुए आजादनगर मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग के दफ्तर के सामने हंगामा किया। बिल में सुधार नहीं किए जाने को लेकर लोगों ने धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दी।
मंझनपुर कस्बे के आजाद नगर मोहल्ला निवासी रिजवाना बेगम, शमीम अहमद, जुबैदा बानो, मोहम्मद अजमेरी, अजीज अहमद, कमरजहां, शहजादे, मोहम्मद हारुन, सोना, वाजिद अली, परवीन बानो आदि ने बताया कि माहवार बिजली का बिल 243 रुपये आता था। पर, इस बार उपभोक्ताओं को दो-दो महीने का बिल 1626 रुपये भेज दिया गया है। तीन गुना से भी अधिक बिजली का बिल भेजे जाने आरोप लगाते हुए उपभोक्ताओं का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित मोहल्लेवालों ने बिजली विभाग के अफसर और कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। साथ ही बिजली विभाग के दफ्तर का घेराव भी किया।
उपभोक्ताओं ने कहा कि यदि जल्द ही बिल सुधार नहीं किया गया, तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। मामले में मंझनपुर के अवर अभियंता ने बताया कि उपभोक्ताओं के घर में नए मीटर आए हैं। संभव है रीडिंग नहीं हुई हो। जितने भी उपभोक्ताओं के बिल गलत आए हैं। उन्हें संशोधन के लिए 25 मार्च को बुलाया गया है। जिनके भी बिल गलत आए हैं। संशोधित कर दिए जाएंगे।