कौशाम्बी ब्लाक के जाठी गांव स्थित ऐतिहासिक तालाब पर कब्जा कर लोगों ने इमारतें खड़ी कर ली हैं। इस वजह से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि शिकयत के बाद भी राजस्व विभाग के अधिकारी कब्जेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इसे लेकर गांव वालों में गुस्सा है। नाराज लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। कौशाम्बी ब्लाक के जाठी गांव निवासी अश्विनी कुमार, भूपेन्द्र कुुमार, रमेश कुमार, कामता प्रसाद आदि ने बताया कि गांव में मौनी बाबा नाम का एक ऐतिहासिक तालाब है। राजस्व रिकार्डों में इसका क्षेत्रफल 18 बीघे दर्ज है। मगर मौजूदा समय में आठ बीघा भी तालाब नहीं बचा है। इसके अधिकतर भाग पर भू-माफियाओं ने अवैध कब्जा कर निर्माण करा लिया है।
बताया कि तालाब के पास ही सिद्ध हनुमान मंदिर है। पूर्व में लोग तालाब में स्नान कर मंदिर में पूजन के लिए जाया करते थे। मगर कब्जे की वजह से तालाब का पानी काफी गंदा हो गया है। गांव वालों का कहना है कि कब्जे की शिकायत करने पर अतिक्रमणकारी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक इसकी शिकायत एसडीएम सदर से कई बार की गई, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। अफसरों की इस अनदेखी से भू-माफियाओं का हौसला बढ़ गया है। वह तालाब के बाकी बचे भाग पर भी कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इसको लेकर गांव के लोग खासे परेशान हैं। ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। गांव के लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही तालाब से कब्जा नहीं हटवाया गया तो, वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। मामले में एसडीएम सदर भूपेंद्र मिश्र का कहना है कि ऐसी कोई शिकायत उनके संज्ञान में नहीं है। अब जानकारी हुई है। तालाब की जमीन की पैमाइश कराकर उसे अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।