अघौषित बिजली कटौती से परेशान सरायअकिल के लोगों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। नाराज लोगों ने पावर हाउस का घेराव किया। इस दौरान विद्युत विभाग के अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कस्बाइयों ने जेई को ज्ञापन देकर रोस्टर के हिसाब से बिजली आपूर्ति की मांग की। चेतावनी दी कि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बेमियादी धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
बता दें कि सरायअकिल कस्बे की बिजली व्यवस्था महीनों से चौपट है। कस्बे के लोगों की मानें तो उन्हें 24 घंटे में महज चार से पांच घंटे बिजली की आपूर्ति मिलती है। रात को तो लाइट आती ही नहीं है। इसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बाइयों का कहना है कि बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई और व्यापार तो प्रभावित हो ही रहा है। साथ में चैन की नींद नहीं आने के कारण अनिद्रा जैसी बीमारियों भी फैल रही हैं। लोगों का कहना है कि रोस्टर के हिसाब से आपूर्ति देने के लिए कई बार एक्सईएन तक से शिकायत की गई।
पर, उन्होंने ध्यान नहीं दिया। इससे आक्रोशित लोगों ने रविवार को सरायअकिल पावर हाउस में प्रदर्शन कर हुंकार भरी। इसके बाद जेई को ज्ञापन देकर हफ्ते भर में रोस्टर के मुताबिक आपूर्ति सुनिश्चित कराने के मांग की। कस्बाइयों का कहना है कि इसके बाद भी व्यवस्था नहीं सुधरी तो वह बेमियादी धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि रामबहादुर जायसवाल, डॉ. बसंत मिश्रा, सुनील सोनी, विनय सोनी, विकास केसरवानी, राजू केसरवानी, संदीप केसरवानी आदि मौजूद रहे।