करारी। इलाके के जमदुआ गांव के समीप शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर एक टॉप-10 अपराधी ने फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं। बाद में घेराबंदी कर पुलिस ने बदमाश को धर दबोचा। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
करारी कोतवाल अशोक कुमार को शुक्रवार सुबह खबर मिली की कोतवाली क्षेत्र का टॉप-10 अपराधी इश्तियाक उर्फ कालिया निवासी आजाद नगर कस्बा व थाना करारी जमदुआ गांव स्थित एक निजी डिग्री कॉलेज के समीप बैठा है और अपने किसी साथी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाल ने एसएसआई राकेश चन्द्र शर्मा, सिपाही पंकज मिश्र, सूरज प्रताप सिंह, बृजेश आदि के साथ घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम को देखते ही बदमाश ने तमंचे से फायर झोंक दिया। हालांकि गोली किसी को लगी नहीं। बाद में दरोगा-सिपाहियों ने दौड़ाकर बदमाश को पकड़ लिया। कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इश्तियाक के पास रहा तमंचा तथा कारतूस भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। वह किसी घटना को अंजाम देने की योजना बनाने के लिए वहां पर बैठा था। पुलिस अब उसके साथी की तलाश कर रही है।