करारी। कोतवाली के पिंडरा सहाबनपुर गांव का निवासी एक युवक बृहस्पतिवार को प्रयागराज में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आ गया। इलाज के लिए उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिंडरा सहाबनपुर गांव निवासी रोहन कुशवाहा (20) दो साल से प्रयागराज में इलेक्ट्रिक वायरिंग का काम करता था। वह वहीं कमरा लेकर रहता था। बृहस्पतिवार को वह एक मकान में लगे शटरिंग पर छत पर पाइप डाल रहा था। छत के नजदीक से ही विद्युत पोल की एचटी लाइन गुजरी थी। सरिया आदि में करंट न उतरे इसलिए मकान मालिक के कहने पर वह एचटी लाइन के तार में भी पाइप डाल रहा था।
तार में पाइप डालते समय रोहन करंट की चपेट में आकर झुलस गया। पहले इलाज के लिए उसे मुंडेरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। एसआरएन में इलाज के दौरान रोहन की मौत हो गई। पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रोहन दो भाई व दो बहनों में तीसरे नंबर का था। पिता की चार साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार की माली हालत ठीक नहीं है।
करंट की चपेट में आकर छात्र की मौत
सैनी कोतवाली के गरई गांव निवासी शिव सिंह (19) इंटर का छात्र था। शुक्रवार शाम को शिव सिंह के पड़ोस में एक वैवाहिक कार्यक्रम था। शिव सिंह टेंट में लगी ट्यूब लाइट का तार जोड़ रहा था। इस दौरान अचानक विद्युत आपूर्ति शुरू हो गई। करंट की चपेट में आकर शिव सिंह गंभीर रूप से झुलस गया। परिवार के लोग आननफानन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान शिव सिंह की मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सर्प दंश से बागवान के बेटे की मौत, कोहराम
पश्चिमशरीरा। कोतवाली के गढ़ी बाजार में बृहस्पतिवार की रात बाग की रखवाली कर रहे बागवान के बेटे को सर्प ने डस लिया। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गढ़ी बाजार निवासी अफसार अहमद बागवान है। वह किराए पर फलों के बाग लेकर रखवाली करता है। इन दिनों वह गांव के ही एक बाग में परिवार सहित रहकर रखवाली करता है। बृहस्पतिवार को बाग में किसी जहरीले सर्प ने बागवान के बेटे मोहम्मद असद (10) को डस लिया। इससे कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। आननफानन परिजन उसे नजदीकी ओझा के पास ले गए। झाड़फूंक के बाद भी हालत में सुधार नहीं होता देख परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने असद को मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही परिजन रोने लगे। सूचना पर पहुंची इलाकाई पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रेन से गिरकर बिहार से युवक की मौत
सैनी कोतवाली के सिराथू स्थित कांशीराम कॉलोनी के समीप शुक्रवार रात ट्रेन से गिरकर बिहार के युवक की मौत हो गई। घटना के वक्त ट्रेन में साथ रहे मृतक के भाई ने चेन पुलिंग कर गाड़ी रोकी। भाई की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिहार प्रांत के अररिया के भरगामा निवासी दिलीप (28) अपने भाई अरुण कुमार के साथ मुजफ्फरनगर से ट्रेन में सवार होकर दिल्ली जा रहा था। दोनों लोग ट्रेन के गेट के पास बैठे थे। ट्रेन जैसे ही सिराथू स्थित कांशीराम कॉलोनी के पास से गुजरी तभी झपकी लगने के कारण दिलीप ट्रेन से गिर गया।
हादसा देख अरुण ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और जीआरपी सिराथू के खबर दी। सूचना पर जीआरपी प्रभारी राकेश राय मौके पर पहुंचे। घटना में दिलीप की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।