मंझनपुर। ऊनौ प्रधान ने ग्रामसभा के विकास कार्यों की देखरेख के लिए गठित तीन सदस्यीय कमेटी पर जेसीबी के माध्यम से मिट्टी का अवैध खनन करने का आरोप जड़ा है। इल्जाम है कि गरीबों के खाद गड्ढों को मिट्टी पाटकर सड़क बनाई जा रही है। विरोध करने पर विपक्षी झगड़े पर अमादा हो जाते है। धमकियां भी दी जाती हैं। प्रधान ने रविवार को एसडीएम से इसकी शिकायत की। एसडीएम ने तहसीलदार को जांच करने का निर्देश दिया है।
मंझनपुर तहसील क्षेत्र के ऊनौ प्रधान नीलम देवी ने बताया कि विपक्षियों की झूठी शिकायत पर ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की देखरेख के लिए तीन सदस्यतीय टीम गठित की गई है। प्रधान का आरोप है कि गठित के सदस्य गांव के ही एक रसूखदार व्यक्ति के इशारे पर मनमानी पर अमादा हैं। बगैर ग्रामसभा की खुली बैठक कराए मनमानी से सभी विकास कार्य कराकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
खाद गड्ढे के लिए सुरक्षित जमीन पर बगैर किसी अनुमोदन के रास्ता बना दिया गया है। रास्ते बनाने के लिए जेसीबी से अवैध तरीके से मिट्टी का खनन भी कराया जा रहा है। प्रधान का आरोप है कि ऐसी ही मनमानी स्कूल की चहारदीवारी निर्माण में भी की गई है। दोयम दर्जे की ईंटों का इस्तेमाल किया गया है। रेती-सीमेंट के अनुपात में खेल किया गया है। इसी तरह खड़ंजा निर्माण में भी दोयम दर्जे की ईंट का प्रयोग किया जा रहा है।
प्रधान ने रविवार को उपजिलाधिकारी से शिकायत की। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार को प्रकरण की जांच करके 3 दिन में इसकी रिपोर्ट देने को कहा है। एसडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं समिति के सदस्य दीपक मिश्रा का कहना है कि चुनावी रंजिश के कारण झूठी शिकायत करके उन्हें परेशान किया जा रहा है। जांच में खुद ही सारी सच्चाई सामने आ जाएगी।