कौशाम्बी के जिला अस्पताल में कथित संत गोलू बाबा से आशीर्वाद लेते कोतवाल का वायरल हुआ वीडियो।
- फोटो : KAUSHAMBI
अंधविश्वास: गोलू बाबा से कोतवाल ने लिया आशीर्वाद, एडीजी खफा
अपर पुलिस महानिदेशक ने ट्विटर पर दिया कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश
कथित बाल संत की तबीयत बिगड़ने पर लाया गया था जिला अस्पताल
मंझनपुर (कौशाम्बी)। अंधविश्वास की जडे़ं पढ़े लिखे लोगों के बीच भी जमी हुई हैं। इसका ताजा उदाहरण यहां जिला अस्पताल में उस समय देखने को मिला जब नगर कोतवाल कथित बाल संत गोलू बाबा से आशीर्वाद लेने पहुंच गए। मामले का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो बात बड़े अफसरों तक पहुंच गई। एडीजी ने ट्विटर पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है। प्रकरण की जांच एसपी ने सीओ सिटी को सौंपी है।
करारी इलाके के बेरुई गांव निवासी कथित बाल संत गोलू बाबा को तबीयत बिगड़ने पर शनिवार दोपहर जिला अस्पताल लाया गया था। ग्रामीणों का अंधविश्वास है कि गोलू बाबा के स्पर्श मात्र से व्यक्ति की सभी बीमारियां दूर हो जाती हैं। बताया जाता है कि गोलू को अस्पताल लाने की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाल उदयवीर सिंह भी हमराहियों संग वहां पहुंच गए। उन्होंने गोलू बाबा से बाकायदा आशीर्वाद लिया। उनके हमराही भी इस काम में पीछे नहीं रहे। कोतवाल के कथित संत गोलू बाबा से आशीर्वाद लेने का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कुछ लोगों ने ट्विटर पर अंधविश्वास को बढ़ावा देने की शिकायत की। लोगों ने अपने ट्वीट में लिखा कि पुलिस जब अंधविश्वास को बढ़ावा देगी तो आम लोगों का क्या होगा। ऐसे तो कानून व्यवस्था बिगड़ जाएगी। इसके बाद एडीजी नाराज हो गए। उन्होंने एक ट्वीट के जवाब में ही कौशाम्बी पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं कौशाम्बी पुलिस ट्विटर पर एडीजी को सिर्फ सफाई देती रही। मामला तूल पकड़ने पर एसपी प्रदीप गुप्ता ने सीओ सिटी को जांच सौंप दी। मामले में सीओ एसएन पाठक का कहना है कि जल्द ही रिपोर्ट कप्तान को सौंप दी जाएगी। इसके बाद कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई होगी।